ज्ञानपुर। केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल माइक्रो, स्मॉल, और मीडियम एंटरप्राइज (एमएसएमई) योजना स्वरोजगार बढ़ाने, देश की आर्थिक व्यवस्था मजबूत करने में काफी कारगर होगी। इस योजना से छोटे उद्यमियों को एक बेहतर प्लेटफार्म मिल रहा है और भविष्य को लेकर उनकी कार्ययोजनाएं क्रियान्वित हो सकेंगी। ये बातें मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित टूल किट वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यअतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहीं।
जिला पंचायत कार्यालय में मंगलवार को एमएसएमई योजना के तहत लाभार्थियों को चेक और टूल कीट वितरित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने एक जनपद, एक उत्पाद के लाभार्थी उद्यमी शकील, शाकलेन को 47.89 लाख का डमी चेक और विमला देवी, सुजाता सरोज विश्वकर्मा को श्रम सम्मान योजना के तहत सिलाई मशीन दी गई। विशिष्ट अतिथि एलडीएम अरुण कुमार जायसवाल ने कहा कि सरकार की यह योजना आने वाले समय में बेरोजगारी को दूर कर अर्थ व्यवस्था में सुधार लाएगी। पिछले दिनों प्रदेश स्तर पर उद्यमियों ने इंवेस्ट अभियान में शामिल होकर उद्योग के प्रति सराहनीय भूमिका निभाई है। इस मौके पर उपायुक्त उद्योग उमेशचंद्र वर्मा, राजेश कुमार, दिगंबर पटेल सहित अन्य रहे।