ज्ञानपुर। नगर के बालीपुर स्थित पुरानी कलेक्ट्री परिसर में शुक्रवार को सेवा योजन विभाग की ओर से रोजगार मेला का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने 194 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उन्हें चयनित किया। जिला सेवा योजन अधिकारी शिवानी ने बताया कि शासन के निर्देश पर विभागीय पोर्टल से पंजीकृत अभ्यर्थियों को रोजगार दिलाने के लिए वृहद मेला लगाया जा रहा है। छह सौ अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराकर शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच कराई, जिसमें 194 अभ्यर्थी साक्षात्कार देकर चयन सूची में शामिल हुए। मेले में आने वालों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मास्क लगाने और हाथों को सैनिटाइज करने के बाद ही अंदर आने की हिदायत दी जा रही थी। साक्षात्कार लेने वाली कंपनियों में वर्धमान टेक्सटाइल्स हिमाचल प्रदेश, एसएलवी सिक्योरिटी पटना, मातृ छाया ट्रेडिंग कंपनी जौनपुर, निशांत समाज कल्याण फाउंडेशन चंदौली, एक्जेंट एक्वागार्ड लखनऊ, सिक्सो एक्वागार्ड लखनऊ, महर्षि दयानंद वोकेशनल ट्रेनिंग कंपनी वाराणसी ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर विभाग के लायक हुसैन, लवकुमार मिश्रा, अनिल कुमार आदि रहे।