गोपीगंज। ज्ञानपुर सड़क रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर बैरिकेडिंग न होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। केडवररिया रेलवे फाटक की तरफ बैरिकेडिंग के अभाव में अक्सर बाइक और कार प्लेटफॉर्म तक पहुंच जाती हैं। जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। यात्री सुरेश उमरवैश्य, संतोष सिंह, आरती गुप्ता, सुनील मिश्रा आदि ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर वाहनों की आवाजाही किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। विशेषकर ट्रेन आने-जाने के दौरान यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। अगर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं लगाया गया तो किसी दिन यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। आरपीएफ इंस्पेक्टर दयाशंकर यादव ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर बैरिकेडिंग नहीं होने की जानकारी स्टेशन मास्टर को दे दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।