ज्ञानपुर के राजकीय गेस्ट हाउस में एससी आयोग के उपाध्यक्ष को यथार्थ गीता सौंपते योजना आयोग के सदस?
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष रामनरेश पासवान ने कहा कि एससी-एसटी के जो पीड़ित हैं उन्हें जरूरी सुविधाओं संग कानूनी सहायता भी दी जाए। साथ ही हिदायत भी दी कि इस एक्ट का दुरुपयोग न हो। इस पर अधिकारी विशेष ध्यान दें। वह सोमवार को राजकीय गेस्ट हाउस ज्ञानपुर में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों को सबसे अधिक सम्मान मिला। केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं से एससी-एसटी वर्ग के लोग लाभान्वित हुए। अफसरों की बैठक में निर्देश दिया कि एससी-एसटी पीड़ित की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। सरकारी की चलाई जा रही योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचे। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बिजली, आवास, राशन वितरण, शौचालय, नाली निर्माण समेत अन्य सुविधाएं दी जाए। एससी-एसटी से जुड़े जो मामले लंबित है उसे एक माह में निस्तारित कराएं। जिला योजना समिति के सदस्य एवं भाजपा नेता शरद चंद्र सोनकर मंडल ने उपाध्यक्ष संग आयोग की सदस्य अनीता सिद्धार्थ को यथार्थ गीता भेंट किया। इस अवसर पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, एसडीएम योगेंद्र कुमार, एएसपी रविंद्र कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।