गोपीगंज स्थित प्रतिष्ठान में पवन सुत की पूजा-अर्चना करते नगर अध्यक्ष प्रह्लाददास गुप्ता।
- फोटो : BHADOHI
सीतामढ़ी। भगवान श्री हनुमान जी महराज की जयंती पूरे श्रद्धाभाव पूर्वक मनाई गई। चैत्र पूर्णिमा पर बुधवार सुबह से ही भक्तों ने अपने घरों में हनुमान चालीसा पाठ और सुंदरकांड पाठ, हनुमान जी की स्तुति के साथ पूजन अर्चन किया और कोरोना संकट से उबारने के लिए भगवान से प्रार्थना की। लॉक डाउन के चलते भगवान हनुमान जी के मंदिरों में श्रद्धालुओं के आने पर पाबंदी लगी रही। इसके चलते घर घर में हनुमान जी भगवान का विधिवत पूजन अर्चन के साथ प्रार्थना स्तुति की गई। जनपद के धार्मिक स्थल सीतामढ़ी के श्री सीता समाहित स्थल मंदिर प्रांगण में स्थित विश्व प्रसिद्ध 108 फीट ऊंचे श्री हनुमान जी मंदिर में स्थापित हनुमान जी की दिव्य मूर्ति का आकर्षक शृंगार किया गया। मंदिर के पुजारियों ने घंटा, घड़ियाल शंखनाद के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान पूर्वक पूजन अर्चन और भगवान की भव्य आरती की । दर्शनार्थियों के लिए मंदिरों के कपाट बंद रहा। इसी तरह महर्षि वाल्मीकि आश्रम, मौनीबाबा आश्रम, बाबा धवासा नाथ आश्रम में स्थित श्री हनुमान मन्दिरो में बिधि विधान पूर्वक पूजन कार्यक्रम हुआ। संसार को वैश्विक महामारी कोरोना संकट मुक्ति के लिए मंदिरों में श्री हनुमान जी भगवान से प्रार्थना की गई। महर्षि वाल्मीकि आश्रम के महंत पं. हरिप्रसाद शास्त्री, संत मौनी बाबा, अमरदास जी महराज, पं कैलाश चंद्र चौड़ाकोटि ने कहा कि हनुमान जी भगवान शीघ्र ही कोरोना संकट से मुक्ति दिलाएंगे और जिससे पूरे विश्व में शीघ्र ही खुशहाली लौटेगी।