गोपीगंज। नगर पालिका परिषद कार्यालय में तैनात नियमित सफाई कर्मचारियों ने उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से जांच की मांग की है। आरोप लगाया कि हाजिरी रजिस्टर पर पालिका कर्मचारी नहीं बल्कि सेवा प्रदाता के तहत चालक पद पर तैनात एक व्यक्ति काम कर रहा है, जो आए दिन वेतन और मानदेय के लिए सुविधा शुल्क की मांग करता है। गत दिनों चंदन नामक ठेकाकर्मी से अवैध वसूली कर नियमित कर्मचारी बनाने के लिए दी गई धनराशि को मांगने पर उसे निकाल दिया गया। इसकी शिकायत डीएम से भी की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। एक ऐसे ही मामले का ऑडियो वायरल हुआ जिसमें एक सफाईकर्मी के सात दिन की फर्जी हाजिरी लगाकर उसके खाते में धनराशि बिना काम किए ही भेज दी गई। सोमवार को नियमित कर्मी संजय डोम, दो संविदा कर्मचारियों के मानदेय में हुई भारी कटौती का मामला सामने आने के बाद जब विरोध हुआ तो कार्यालय से उसे भगा दिया गया और पुलिस से शिकायत भी की गई। ईओ अमिता सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है, जांच कराई जाएगी।