ज्ञानपुर तहसील के समाधान दिवस पर लोगों की समस्या सुनते डीएम और एसपी। संवाद
ज्ञानपुर। जिले की तीनों तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। ज्ञानपुर में डीएम शैलेष कुमार, एसपी अभिमन्यु मांगलिक के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक दीनानाथ भाष्कर, विपुल दूबे ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। अधिशासी अभियंता विद्युत के अनुपस्थित होने पर डीएम ने वेतन रोकते हुए नोटिस जारी किया। खराब सड़कें दुरुस्त न होने पर एक्सईएन जल निगम को फटकार लगाई। तीनों तहसीलों में आए कुल 100 मामलों में 17 का निस्तारण किया गया, जबकि 83 के लिए टीम गठित की गई। डीएम ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों को निस्तारण करने के लिए शिकायतकर्ता से बात करें, मौके पर जाएं, स्पष्ट रूप से आख्या लिखें, कागजी खानापूर्ति न करें। शिकायतों को पारदर्शी ढंग से गुणवत्ता के अनुरूप निस्तारण कराएं। सबसे अधिक शिकायतें विद्युत निगम, पंचायत विभाग, जल निगम, राजस्व विभाग की हैं। विद्युत निगम की अधिक शिकायतें, शिकायतों का निस्तारण सही ढंग से न क्रियान्वित करने, असंतुष्ट फीडबैक खराब होने और बिना बताए तहसील दिवस पर अधिशासी अभियंता विद्युत अनुपस्थित होने पर डीएम नाराज हो गए। वेतन रोकते हुए नोटिस जारी किया। जल निगम द्वारा हर घर जल नल योजना से पानी की आपूर्ति सही ढंग से न कराने और सड़के खराब होने पर अधिशासी अभियंता जल निगम को कड़ी फटकार लगाई। सुनवाई के दौरान अमृत लाल अग्रहरि ने विपक्षियों पर रास्ते पर अतिक्रमण करने, दिनेश कुमार पाण्डेय ने विपक्षी पर सरकारी नाली पर अतिक्रमण करने, अशोक कुमार तिवारी ने मुआवजा की शिकायत किया। तहसील में आए कुल 38 प्रार्थना पत्रों में सात का निस्तारण किया गया। एसपी ने कहा कि राजस्व और जमीन प्रकरण की शिकायत के निस्तारण के लिए राजस्व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे। इस मौके पर एसडीएम भान सिंह, तहसीलदार अजय सिंह समेत अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। भदोही तहसील में एडीएम राजस्व वीरेंद्र कुमार मौर्य की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। यहां कुल 21 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें चार का निस्तारण किया गया। इस मौके पर एसडीएम अरुण कुमार गिरी, सीओ अशोक कुमार मिश्रा, तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान, ईओ धर्मराज सिंह, चौकी प्रभारी अजय ओझा आदि रहे। औराई तहसील में एसडीएम बरखा सिंह ने समस्याएं सुनी। यहां आए 41 मामले में छह निस्तारित हुए। इस मौके पर तहसीलदार सुनील कुमार, अधीक्षक डॉ. कृष्णा चंद दुबे, बीडीओ दिलीप कुमार आदि रहे।