जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने शुक्रवार को भदोही ब्लॉक के तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया। जहां बच्चों की कम उपस्थिति, समय से उपस्थित न होने पर छह शिक्षकों का वेतन जबकि दो शिक्षामित्रों का मानदेय रोक दिया। मामले में बीईओ भदोही से स्पष्टीकरण मांगा।
बीएसए सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर प्राथमिक विद्यालय कुरैया पहुंचे। यहां शिक्षामित्र नंदेश कुमारी, सुषमा सिंह और शिक्षिका दीपशिखा अनुपस्थित मिली। सभी का एक-एक दिन का वेतन और मानदेय रोका गया है। प्राथमिक विद्यालय सनक डीह में भ्रमण के दौरान छात्र उपस्थिति में 102 बच्चों के सापेक्ष 43 बच्चे ही उपस्थित पाए गए। इस पर हेडमास्टर समेत सभी चार शिक्षकों का वेतन रोका गया। सभी को तीन दिनों में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। प्राथमिक विद्यालय नगुआ में भ्रमण के दौरान सुबह आठ बजकर 45 मिनट पर सहायक अध्यापक धीरज कुमार सेठ अनुपस्थित पाए गए। बच्चों की उपस्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। बीएसए ने बच्चों की खराब उपस्थिति और शिक्षकों की मनमानी को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा। कहा कि स्कूलों में निर्धारित समय में शिक्षक आएं और जाएं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।