डीघ ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत की बैठक मौजूद लोग। संवाद
- फोटो : BHADOHI
जंगीगंज। डीघ ब्लॉक सभागार में शनिवार को त्रिस्तरीय संचालन समिति की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों की बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष में होने वाले विकास कार्यों की कार्ययोजना बनाई गई। मनरेगा से पांच करोड़ और अन्य मद से दो करोड़ के विकास कार्यों पर काम करने की सहमति बनी। शनिवार को सुबह 11 बजे बैठक की शुरूआत हुई। इसके बाद क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्र में होने वाले कार्यों का प्रस्ताव सौंपा। इंटरलाकिंग, सीसी रोड, सोलर लाइट, तालाबों के सुंदरीकरण, सार्वजनिक स्थलों के सुंदरीकरण संग अन्य प्रस्ताव शामिल रहे। संचालन समिति के सदस्य मनोज मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कमी नहीं आने दी जाएगी। मनरेगा के माध्यम से पांच करोड़ जबकि अन्य मदों से दो करोड़ का काम कराया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों को मानदेय का वितरण भी किया गया। बीडीओ सुरेंद्र यादव ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रस्ताव मिले है। इस पर काम कराया जाएगा। इस मौके पर समिति में शामिल श्यामधर यादव और लालजी भी मौजूद रहे।