ज्ञानपुर। जिले में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के दूसरे चरण में आवेदन 21 फरवरी से लिया जाएगा। पहले चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग अब दूसरे चरण की कवायद में जुट गया है। पहले चरण में 1056 बच्चों का लॉटरी में चयन हुआ, हालांकि उसमें सीट भरने के कारण 840 को ही विद्यालय आवंटित हो सके। अबकी बार दो महीने के अंदर तीन चरणों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आरटीई के तहत कॉन्वेंट विद्यालयों में 25 फीसदी सीटों पर गरीब बच्चों को प्रवेश दिलाया जाता है। उनके कॉपी-किताब तक का खर्च शासन स्तर से वहन किया जाता है। पिछले दो साल से एक दिसंबर से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, लेकिन इस बार 15 जनवरी के बाद तिथि तय की गई। शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए पहले चरण में दो से 16 फरवरी तक आवेदन लिया गया। जिसमें पांच हजार से अधिक आवेदन आए। सत्यापन में 3700 से अधिक आवेदन निरस्त हो गए। 18 फरवरी को लॉटरी में 1056 बच्चों का चयन हुआ जबकि 20 फरवरी को 840 बच्चों को विद्यालय आवंटित किया गया। अब दूसरे चरण में 21 फरवरी से सात मार्च तक आवेदन लिया जाएगा। नौ मार्च को लॉटरी और 11 मार्च को विद्यालय आवंटित होगा। तीसरे चरण में 12 से 25 मार्च तक आवेदन, 27 मार्च को लॉटरी और 29 को स्कूल आवंटित किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि तीन चरणों में आवेदन की तिथि तय की गई है। पहला चरण पूर्ण हो चुका है। अब दूसरे चरण के आवेदन लिए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन लेने के बाद सभी प्रक्रिया तिथिवार पूरी की जाएगी। बताया कि अधिक से अधिक बच्चों को प्रवेश दिलाने का प्रयास किया जाएगा।