ज्ञानपुर। भदोही से वाराणसी के लिए रोडवेज बस की सुविधा न होने, ज्ञानपुर से महज दो बसों के संचालित होने और करोड़ों रुपये खर्च करके बनाए गए रोडवेज बस स्टैंड का उपयोग न होने को लेकर प्रकाशित खबर का बड़ा असर हुआ है। खबर का संज्ञान लेकर परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक वाराणसी महेंद्र कुमार पांडेय ने शनिवार को जिले का दौरा किया। उन्होंने बनने के बाद विरान पड़े भदोही और ज्ञानपुर बस स्टैंड का जायजा लिया। यहां से बसों के संचालन को लेकर मंथन भी किया। इसके बाद औराई पहुंचकर वहां बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधाओं को देखा। गंदगी मिलने पर नाराज हुए। उन्होंने भदोही से वाराणसी के लिए नियमित बस चलाने की बात कही। बस स्टैंडों की समस्या को लेकर अमर उजाला ने 21 व 22 जुलाई के अंक में खबर प्रकाशित किया था।
बसों के संचालन को लेकर कहा कि जो भी बाधा आएगी उसे दूर करके बसों का संचालन किया जाएगा। परमिट की भी बाधा दूर कर ली जाएगी। बताया कि कई दिनों से रोडवेज बसों के न चलने की शिकायत विभाग को मिल रही थी। एक सप्ताह पूर्व ही कार्यभार ग्रहण कर यात्री समस्याओं का समाधान करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। कहा कि जमुनीपुर-भदोही के बस स्टेशन से जौनपुर डिपो की चार-पांच बसें मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही होकर जौनपुर का चक्कर लगा रही है। ज्ञानपुर स्टेशन से दो बसें प्रतिदिन वाराणसी को पहुंच रही है। औराई स्टेशन हाईवे से सटा है लेकिन सावन माह के कारण उत्तरी लेन कांवरियों के लिए सुरक्षित होने पर दक्षिणी लेन से संचालन कराया जा रहा है। ज्ञानपुर स्टेशन परिसर, भवन, मुख्य गेट की स्थिति काफी दयनीय है। डीएम-एसपी को पत्र भेजकर पहले आटो स्टैंड हटवाया जाएगा उसके बाद अतिक्रमण। स्थानीय सहयोग न मिलने से चालक-परिचालक डग्गामार वाहन चालकों से परेशान है। यदि स्थानीय स्तर पर सक्रियता बरती जाए तो समस्या का समाधान हो जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट शासन को भेजकर जमुनीपुर-भदोही स्टेशन से रोडवेज बसों को चलवाने के लिए परमिट मांगा गया है। निरीक्षण में विभाग के एनएन शुक्ला, पुलिस टीम शामिल रही।
स्टेशनों के आसपास अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं
ज्ञानपुर। वाराणसी से आते समय एआरएम की टीम जैसे ही औराई बस स्टेशन पर रुकी तो स्टेशन से सटकर किए जा रहे अतिक्रमण को तत्काल रोकवाने का निर्देश दिया। लोगों ने बताया कि स्टेशन से सटकर होने वाले अतिक्रमण का सामान भी स्टेशन में ही रखा रहता है, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। टीम ने कैंटीन, शौचालय, साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति में खामियां मिलने पर मातहतों को फटकार लगाई। एआरएम महेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि डिपो से दूर स्टेशनों की उपेक्षा विभागीय निगरानी न होने से होती है। निगरानी टीम को मजबूत कर स्थिति पर नजर रखी जाएगी।