गंभीर रूप से घायल चालक को वाराणसी रेफर किया गया
- फोटो : अमर उजाला
भदोही जिले के औराई स्थित रोडवेज बस स्टेशन के पास सोमवार को मनबढ़ युवकों ने रोडवेज बस चालक को चार पहिया वाहन से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल चालक को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चालक की हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया।
औराई रोडवेज बस स्टेशन के पास वाराणसी बस डिपो से सवारी उतारने के दौरान एक चार पहिया वाहन ने बस में टक्कर मार दी। इससे रोडवेज बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कौशांबी निवासी चालक सत्यम (40 वर्ष) और परिचालक संतोष राय ने चार पहिया वाहन में सवार पांच युवकों से मरम्मत की मांग की।
इसपर मनबढ़ युवक गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर मनबढ़ों ने तेजी से चार पहिया वाहन बस चालक और परिचालक की ओर बढ़ा दिया। परिचालक संतोष बच गया। सत्यम वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। पांचों युवक वाहन लेकर भाग गए। परिचालक संतोष राय ने घायल को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस फरार आरोपी युवकों की तलाश में जुटी हुई है।