मंगलवार को डेढ़ घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली तो दूसरी ओर जगह-जगह जलभराव से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। स्कूलों में छुट्टी से ठीक पहले शुरू हुई वर्षा से एक घंटे से भी अधिक समय तक बच्चों को स्कूलों रोकना पड़ा।
भदोही नगर के लगभग सभी वार्डों में जलभराव की समस्या है। घमहांपुर, जल्लापुर, आलमपुर, छेड़ीबीर, काशीपुर, बंधवा, नईबस्ती आदि मोहल्लों में वर्षों से पानी लगने की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। इस वर्ष भी लोगों के लिए कुछ नया नहीं हो सका है। दोपहर बारिश होने पर मशाल रोड, पीरखांपुर रोड, तकिया कल्लन शाह, बाजार सरदार खां, जमुंद रोड आदि की तस्वीर कीचड़ मे तब्दील हो गई। कुछ स्थानों पर इतना पानी लग गया कि लोगों को बाइक से भी चलने में दिक्कत हो रही थी। मशाल रोड पर पानी निकल जाने के बाद सड़क और खराब हो गई, क्योंकि यह सड़क एक वर्ष से भी अधिक समय से खोद कर निर्माण नहीं कराया गया है। बारिश रुकने के बाद काजियाना, गोला मंडी, अंबर नीम, रामसहायपुर, कटरा बाजार, पकरी, नूरखांपुर आदि की गलियों में कीचड़ से आवागमन दुरूह हो गया।