उखड़ गया नव निर्मित भौथर से अर्जुनपुर मार्ग। संवाद
- फोटो : BHADOHI
दुर्गागंज। अभोली ब्लाक क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की ओर से नवनिर्मित सड़कें हल्के वाहनों के भी आवागमन करने पर कहीं उखड़ रही हैं तो कहीं धंस जा रही है। राहगीरों ने कार्यदाई संस्था पर मानक की अनदेखी और विभागीय निगरानी पर सवाल उठाया है। ग्रामीणों ने कहा कि अभी एक माह पहले ही सड़क बनी थी और अब वह धंस गई। राहगीर रामउजागिर ने बताया कि भौथर से अर्जुनपुर की दूरी आठ सौ मीटर है उसके बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क मिलती है। कई माह से हालत खराब होने की शिकायत करने पर पीडब्ल्यूडी ने बीते माह लगभग 80 लाख रुपये खर्च कर भौथर-अर्जुनपुर की सड़क का निर्माण भी कराया। बुधवार को एक हल्का वाहन जैसे ही उक्त सड़क से आगे बढ़ा तो पहिये के साथ गिट्टी, तारकोल-डामर उखड़ने लगे। कुछ दूर जाने पर वाहन का भार सड़क नहीं झेल पाई और एक फीट धंस गई। रामआसरे, कपूरचंद, सहतूराम ने कहा कि इसी तरह की कार्यप्रणाली जारी रही तो सरकार के गठन और कार्यकाल समाप्त होने पर सिर्फ एक ही सड़क का निर्माण विभाग कराता रहेगा। कार्यदाई संस्था के खिलाफ टीम गठित कर तकनीकी जांच होनी चाहिए। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एसबी राव ने कहा कि मामले में कार्यदाई संस्था को तलब कर दो दिन सड़क को पुन:बनवाया जाएगा।