कालीन बुनकर की मौत से परिजनों में कोहराम
- फोटो : अमर उजाला
भदोही जिले के बाबूसराय में शनिवार सुबह लगभग 10.30 बजे हुए सड़क हादसे में कालीन बुनकर नरेश गौतम (40) निवासी कटका की मौत हो गई। जानकारी होने पर एसडीएम औराई लालबाबू दुबे ने पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि नरेश गौतम चार भाइयों में बड़ा और चार बच्चों का पिता है। वह बाबूसराय स्थित एक कालीन कंपनी में कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार सुबह वह किसी कार्य से वाराणसी-प्रयागराज हाईवे को पार कर रहा था। प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे एक चार पहिया वाहन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना से नाराज लोगों ने चक्काजाम करने की कोशिश की। मौके पर पहुंचे एसडीएम औराई ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।