चौरी में दुकानाें के सामने खोद कर छोड़ा गया गड्ढ़ा। संवाद
- फोटो : udhampur news
चौरी। वाराणसी से मछलीशहर तक निर्माणाधीन हाईवे में बरती जा रही उदासीनता का खामियाजा स्थानीय व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। मुख्य बाजार में तीन जगह 10 महीने से सड़क के किनारे खोदकर छोड़े गए गड्ढों से त्योहारी सीजन में व्यापारियों का धंधा चौपट हो रहा है। जगह-जगह सड़क, पुलिया व नाली के लिए गड्ढे खोदकर छोड़ देने वाली कार्यदायी संस्था कोई खबर नहीं ले रही है। इसे लेकर व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है। कंधिया फाटक से इंदिरा मिल चौराहे तक हाईवे निर्माण कार्य में शुरू से उदासीनता बरती जा रही है। लगभग दो वर्ष हो चुके कार्य को शुरू हुए लेकिन किसी स्थान पर भी कार्य पूरा नहीं दिख रहा है। जगह-जगह सड़क के गड्ढे, नाली के लिए खोदे गए गड्ढे, अधूरी सड़क, डिवाइडर और पुलिया राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। इससे बाजार की रौनक फीकी हो गई है। भदोही-वाराणसी मार्ग पर सबसे बड़े बाजार में शुमार चौरी की हालत तो हाईवे निर्माण में लापरवाही से खराब हो गई है। चकिया तिराहे और उसके दोनों तरफ मछरहट्टा, कोल्हड़ हनुमान मंदिर के पास सड़क के लिए गड्ढे खोदकर छोड़े हुए 10 महीने से अधिक समय बीत गए हैं। कई स्थानों पर नालियां व डिवाइडर भी अधूरे हैं। इससे मनमाने ढंग से वाहनों का आवागमन हो रहा है।