ज्ञानपुर। एक फोन पर जनता की मदद के लिए पहुंचने वाली पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) का रिस्पांस टाइम जोन स्तर पर लगातार छठवें महीने पहले स्थान पर है। जुलाई से अगस्त में रिस्पांस टाइम में पांच सेकेंड की गिरावट हुई, लेकिन इसके बाद भी जोन में अव्वल है। जुलाई में समय 7.30 मिनट था जबकि अब 7.35 मिनट हो गया है। भदोही की पीआरवी पूर्वांचल के जनपदों में बेहतर है। मुसीबत में फंसे लोगों की मदद के लिए भदोही पुलिस तेजी से पहुंच रही है। इसके पहले भी पुलिस आईजीआरएस पोर्टल पर मिल रही शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में अव्वल रह चुकी है। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, किस जिले की पुलिस कितनी तेज हैं, इसका अंदाजा उसके रिस्पांस टाइम से ही लगाया जाता है। इसका आधार है पीआरवी। आपात कालीन नंबर डायल 112 से जुड़ी पीआरवी को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर जाने के लिए कहा जाता है। जुलाई की जारी रैकिंग में भदोही का रिस्पांस टाइम 7.30 मिनट रहा जबकि अगस्त में यह 7.35 मिनट हो गया है। इसके बाद भी पूर्वांचल के अन्य जनपद भदोही के आसपास भी नहीं है। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि रिस्पांस टाइम को अभी और सुधारने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की मेहनत से भदोही प्रदेश के टाप-10 जनपदों में शामिल है। जनवरी से लगातार पीआरवी का बेहतर रिस्पांस टाइम बना हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी यह स्थिति बनी रहेगी।