गोपीगंज कोतवाली में समाधान दिवस पर जन शिकायतें सुनतीं डीएम आर्यका अखौरी और एसपी डॉ. अनिल कुमार। स
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। जिले के नौ थानों और कोतवाली में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस एक बार फिर कोरम पूर्ति तक सिमटकर रह गया। 211 प्रार्थना पत्रों में मात्र 10 का ही निस्तारण हो सका। थानों में सबसे अधिक 179 प्रार्थना पत्र राजस्व विभाग से जुड़े रहे। डीएम आर्यका अखौरी और एसपी डॉ. अनिल कुमार ने गोपीगंज कोतवाली में बैठकर समस्याएं सुनीं। डीएम और एसपी ने कहा कि समाधान दिवस में राजस्व से जुड़ीं शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारित करें। एक ही मामला कई समाधान दिवस में आ रहा है। इसको लेकर पुलिस और राजस्व विभाग के लोग सक्रिय हों। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ज्ञानपुर कोतवाली में एडीएम शैलेंद्र मिश्र की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां आए 10 मामलों में नौ राजस्व के रहे। एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। ऊंज थाने में पांच प्रार्थना पत्रों में एक भी निस्तारित नहीं हुआ। औराई कोतवाली में सीओ रामलखन मिश्र की अध्यक्षता में कुल 79 मामले आए, जिसमें 66 राजस्व से जुड़े रहे। यहां भी सभी मामले लंबित रह गए। गोपीगंज में 42 प्रार्थना पत्रों में निस्तारण शून्य रहा। दुर्गागंज थाने में समाधान दिवस प्रभारी चित्रकूट पूरी की देखरेख में हुआ। नौ मामलों में दो निस्तारित हुए। सुरियावां थाने में प्रभारी निरीक्षक विश्व ज्योति राय, कानूगो अरविंद कुमार की देखरेख में 19 मामले आए। तीन फरियादियों का निस्तारण मौके पर किया गया। कोइरौना में 23 मामलों में एक का भी नहीं, भदोही में 20 मामलों में दो का निस्तारण किया गया। चौरी में चार मामलों में दो निस्तारित किए गए।