गोपीगंज। पुलिस के दुर्व्यवहार से नाराज होकर गोपीगंज भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिनव पांडेय ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव को सौंपा। अभिनव पांडेय ने बताया कि बीते शुक्रवार को गोपीगंज चौकी पुलिस उन्हें बीते कई पुराने मामले में कोतवाली लेकर आयी और बैठा लिया। इस मामले में उन्हें न कोई नोटिस मिला और न ही कोई जानकारी। बाद में सदर विधायक विपुल दुबे की पैरवी पर उन्हें छोड़ा तो गया, लेकिन पुलिस ने शाम तक जमानत न कराने पर आधी रात को घर से उठाने की धमकी दी। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि वे 2007 से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और कई आंदोलन में पुलिस की लाठियां भी खाई हैं। नगर वासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मान को देखते हुए उन्होंने इस्तीफा दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने कहा कि मामले में गोपीगंज मंडल अध्यक्ष अभिनव पांडेय ने मौखिक रुप से इस्तीफे देने की बात कहीं है। उनका लिखित इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। संवाद