गर पालिका गोपीगंज के पूरेभिखारी वार्ड में खराब हैण्डपंप के पास प्रदर्शन करते नागरिक। संवाद
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज। नगर पालिका परिषद गोपीगंज के वार्ड नंबर दो पूरेभिखारी मोहल्ले के नागरिकों ने समस्याओं का समाधान कराने के लिए बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया है कि शासन के निर्देश पर निकाय क्षेत्रों की सीमा तो बढ़ा दी गई, लेकिन सुविधाओं के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। बिजली और पानी की व्यवस्था में सुधार न होने पर वार्डवासी डीएम को अवगत कराएंगे। शाश्वत सिंह ने कहा कि सीमा विस्तार कर पूरेभिखारी को पालिका में शामिल किया गया है। यहां दो हैंडपंप लगे हैं, जो कई माह से खराब हैं। पाइप लाइन पर निर्भर वार्डवासी नलकूपों में खराबी आने पर परेशान होते हैं। पालिका के कर्मी समस्याओं को दूर न कराकर कभी टैंकर भेजते हैं तो कभी आश्वासन देकर काम चलाते हैं। यही स्थिति बिजली उपकरणों को लेकर है। बताया कि जर्जर उपकरणों के अक्सर खराब होने के कारण वार्डवासी कई दिन तक बिन बिजली रहते हैं। प्रदर्शन करने वालों मे भुंअर, इंद्रावती देवी, विनोद, सुंदरलाल, हीरावती देवी, राजू आदि रहे। अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में न होने के कारण वार्डवासियों को परेशानी हो रही है। शिकायत हुई है तो स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
अभोली ब्लाक के मिश्राइनपुर में टूटी पक्की नाली को दिखाते ग्रामीण। संवाद- फोटो : BHADOHI