ज्ञानपुर/गोपीगंज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की अधीनस्थ सेवा परीक्षा में जिले के होनहारों ने झंडा गाड़ दिया है। ज्ञानपुर की बालीपुर निवासी रेशमा आरा ने 69वीं रैंक हासिल कर पुलिस उपाधीक्षक बनीं, जबकि जगननाथपुर के कपिल तिवारी रजिस्ट्रार बने।
ज्ञानपुर के बालीपुर निवासी मो. यूनुस अंसारी की बेटी रेशमा अंसारी की प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय ज्ञानपुर से हुई। 2015- 16 में वह शिक्षिका बनीं और 2018 में एक्साइज इंस्पेक्टर पद पर चयनित हुईं। 2020 में असिस्टेंड कमिश्नर इंडस्ट्री पद पर चयनित होकर मिर्जापुर में तैनात रहीं। पीसीएस परीक्षा में बेहतर रैंक हासिल होने पर पुलिस उपाधीक्षक पद पर चयन हुआ। रेशमा आरा ने बताया कि वह आईएएस बनना चाहती हैं। नौकरी संग वह आईएएस की परीक्षा में शामिल होगी। जगन्नाथपुर निवासी एवं जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज गोपीगंज की शिक्षिका इंदू तिवारी के बेटे कपिल तिवारी ने भी पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर जनपद को गौरवान्वित किया। प्राथमिक शिक्षा गोपीगंज के सेंट थॉमस स्कूल में हुई। गाजियाबाद से बीटेक करने के बाद काशी विद्यापीठ से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। पीसीएस की परीक्षा में पहले प्रयास में रजिस्ट्रार पद पर चयन हुआ। कपिल ने इसका श्रेय माता और परिवार वालों को दिया। बधाई देने वालों में डॉ. राजेश सिंह, राजेन्द्र पुष्पकार, अखिलेंद्र बघेल, देश बहादुर सिंह, नवीन मिश्रा, बबलू मिश्रा, रत्नेश शुक्ला, अनिल शुक्ला, जलदीप पांडेय आदि रहे।