ज्ञानपुर। जनपद में बिजली दुर्व्यवस्था पर प्रभारी राज्यमंत्री मो. दानिश आजाद ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि जर्जर तारों को जल्द बदलवाया जाएं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को सूबे के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री मो. दानिश आजाद अंसारी ने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। बारिश के सीजन में संचारी रोग अभियान, स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी वेनम की उपलब्धता अवश्य कराएं।
समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने अलग-अलग विभागों की प्रगति जानी। उन्होंने अधिशासी अभियंता बिजली को कि गांव और शहर में रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति करने का निर्देश दिया। कहा कि ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी मिलने पर उसे जल्द से जल्द बदला जाए। ढील विद्युत तारों को ठीक कराया जाए जिससे कोई घटना न हो । कहा जो भी जर्जर तार हैं उन्हें बदला जाए। इसमें लापरवाही होने पर कार्रवाई की जाएगी। कहा किसी भी उपभोक्ता को गलत विद्युत बिल ना दिया जाए और साथ ही इसका गंभीरतापूर्वक निस्तारण किया जाए।
उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराएं, जिससे हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचे। उन्होंने मलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से की जा रही कार्रवाई के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मच्छरदानी का वितरण, एंटी लार्वा का छिड़काव हो तथा बीमारी न फैले इसके लिए उचित प्रबंध हो। सीएमओ काे निर्देश दिया कि संचारी रोग के मामले बढ़ रहे हैं। इसलिए कार्ययोजना बनाकर काम हो। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने कानून व्यवस्था के बारे में रिपोर्ट दी। प्रभारी मंत्री ने मनरेगा से गांव में गौ शेड बनाने, शहर में साफ-सफाई, जल भराव की समस्या दूर कराने का निर्देश दिया।