ज्ञानपुर। भदोही नगर पालिका परिषद के तहत 12 स्कूलों में मिशन कायाकल्प के तहत तस्वीर बदलेगी। इसके लिए शासन से तीन करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। विद्यालय में इंटरलॉकिंग, चहारदीवारी, पेयजल, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न कार्य कराएं जाएंगे। इसके अलावा विद्यालय की पेटिंग भी कराई जाएगी। रामरायपुर, भिखारीपुर, डूडवा, कुपरौठी, मर्यादपट्टी, फतुपुर आदि विद्यालयों का कायाकल्प कराया जाएगा। पालिका प्रशासन की ओर से कराए जाने वाले कार्याें का खाका तैयार किया जा रहा है। अप्रैल के आखिरी तक कार्य शुरू होने की उम्मीद है। भदोही नगर में 29 वार्ड हैं। यहां करीब 1.40 लाख की आबादी निवास करती है। जिन्हें मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी होती है। चिह्नित 12 विद्यालय में इंटरलॉकिंग, चहारदीवारी, पेयजल, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, डेंटिंग, पेटिंग सहित अन्य कार्य कराया जाएगा। ईओ भदोही धर्मराज सिंह ने बताया कि मिशन कायाकल्प के तहत शासन से तीन करोड़ मिला है। इससे 12 विद्यालयों में विभिन्न कार्य कराया जाएगा।