ज्ञानपुर।जुमे की नमाज के दौरान इस्राइल व हमास के बीच चल रहे संघर्ष को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जुमे की नमाज के दौरान पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने को कहा था। शुक्रवार को कालीन नगरी में हाई अलर्ट रहा।
पुलिस अधीक्षक डा. मीनाक्षी कात्यायन ने मातहतों के साथ शहर में भ्रमण किया। नमाज के दौरान प्रमुख मस्जिदों के बाहर कड़ी सुरक्षा रही। इस दौरान धर्मगुरुओं ने प्रशासन की पहल पर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस्राइल में चल रहे विवाद के संबंध में सरकार की नीतियों के विपरीत किसी प्रकार की बयानबाजी करने या कोई प्रतिक्रिया व्यक्त करने से लोग परहेज करें। इससे बेवजह विवाद बढ़ता है। उन्होंने पेश इमामों से जुमे की नमाज के पहले तकरीर में इस तरह के बयान से बचने की अपील की थी। इसी तरह पुलिस के जवानों ने विभिन्न मस्जिदों के पेश इमाम से मिलकर शासन की मंशा से अवगत कराते हुए विवाद पैदा करने वाले तकरीर न करने का आह्वान किया।