सुरियावां के अटक चौराह के पास सीसी रोड का हो रहा निर्माण। संवाद
सुरियावां। अटल चौराहा से गल्लामंडी त्रिमुहानी तक 18 मीटर चौड़ी, 650 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। 69 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण होगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सीसी रोड बनाए जाने से बारिश के दिनों में होने वाले जलभराव से मुक्ति मिलेगी। नगर में अटल चौराहा से बघेल कटरा, बाइपास होते हुए गल्लामंडी त्रिमुहानी बारिश के दिनों में घुटने तक पानी लग जाता है। आए दिन होने वाले जलभराव से व्यापारियों के साथ आम लोगों की भी मुसीबत बढ़ गई थी। इसको देखते हुए नगर पंचायत की ओर से लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर सीसी रोड निर्माण की मांग की गई। इसके बाद करीब 650 मीटर सीसी रोड निर्माण के लिए 69 लाख रुपये की कार्ययोजना बनी। विभाग की ओर से अब काम भी शुरू करा दिया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष विनय चौरसिया ने निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता को देखा। उन्होंने मानक के अनुसार काम की अपील की। बताया कि सीसी रोड़ बनने से जल जमाव की समस्या से छूटकारा मिल जाएगा। पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़क बनवाने की मांग किया गया था, विभाग की तरफ से शासन को पत्राचार किया गया था। इसकी स्वीकृति मिलने पर कार्य शूरू किया गया।