ज्ञानपुर। आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में परीक्षा केंद्रों की तस्वीर करीब-करीब फाइनल हो गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी 85 केंद्रों की सूची के खिलाफ आईं 95 आपत्तियों का निस्तारण कर 92 से 94 केंद्र बनाने की संस्तुति की गई है। डीएम की अध्यक्षता में होने वाली जिला समिति की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगेगी। यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च को समाप्त होगी। जिले में परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 85 केंद्रों की सूची पिछले दिनों जारी की गई थी। इसमें कई खामियां सामने आईं। कई विद्यालय ऐसे हैं, जो पूर्व में परीक्षा केंद्र बनते आ रहे थे लेकिन इस बार उन्हें केंद्र नहीं बनाया गया है। केंद्र निर्धारण से लेकर छात्र आवंटन समेत कई खामियां परिषद की सूची में रहीं। परीक्षा केंद्रों के संबंध में आई आपत्तियों का निस्तारण बृहस्पतिवार तक डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने किया। इसमें करीब आठ विद्यालय ऐसे मिले, जो केंद्र बनने के लायक नहीं थे। इसे कमेटी ने अयोग्य मानते हुए सूची से हटाने और छात्र संख्या के आधार पर 15 से 16 नए केंद्र बनाने की संस्तुति की है। इससे 2025 की तरह 2026 में भी 94 केंद्र बनने की संभावना बढ़ गई है। विभाग का मानना है कि 92 से लेकर 94 केंद्र बनाए जा सकते हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि आपत्तियों का निस्तारण कर लिया गया है। डीएम की अध्यक्षता में होने वाली जिला परीक्षा समिति की बैठक में केंद्रों की तस्वीर फाइनल हो जाएगी। परीक्षा समिति ही केंद्रों पर अंतिम मुहर लगाएगी। इसके बाद उक्त सूची को परिषद के पास भेजा जाएगा। बता दें कि आगामी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 54,879 परीक्षार्थी शामिल होंगे। यह संख्या 2025 की तुलना में करीब 500 कम है।