चौरी। थाना क्षेत्र के धनापुर गांव में बीते शुक्रवार को आठ साल से गायब युवक को लेकर दो अज्ञात लोग पहुंचे। फिर उसे लेकर गायब भी हो गए। परिजनों का आरोप है कि अब वहीं अज्ञात लोग युवक को छोड़ने के लिए फिरौती की मांग की कर रहे हैं। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
परिजनों के अनुसार 22 वर्षीय संजय कुमार 2015 से ही गायब थे। खोजबीन करने पर संजय कुमार का कोई पता नहीं चल सका। एक जुलाई 2015 को तहरीर देकर संजय कुमार को बरामदगी की गुहार लगाई, लेकिन कोई सफलता पुलिस नहीं दे सकी। बीते शुक्रवार को दो अज्ञात लोग उसे लेकर धनापुर गांव पहुंचे। उस समय घर में सिर्फ महिलाएं ही थी, जो आठ वर्ष से गायब संजय कुमार के वापस मिलने पर रोने लगी। महिलाओं के अनुसार उन्होंने संजय के साथ पहुंचे दोनों अज्ञात लोगों को खाना-पीना खिलाया। इस बीच दोनों युवक संजय को लेकर फिर से गायब हो गए। आरोप है कि उसी के बाद संजय को छोड़ने के लिए फिरौती की मांग की जा रही है। ग्राम प्रधान तहसीलदार तिवारी ने मामले की जानकारी सीओ भदोही, चौरी थाना पुलिस को दी। परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने कहा कि मामले की जांच जारी है।