महराजगंज। ऑटो चालकों की मनमानी से दिनों दिन बाजारवासियों की समस्या बढ़ती जा रही है। फ्लाईओवर के नीचे और किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े ऑटो के कारण हर दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो जा रही है। इसके व्यापार भी प्रभावित होता है। शिकायत के बाद भी ठोस उपाय नहीं किया जा रहा है।
वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर महराजगंज के पास फ्लाईओवर के नीचे ऑटो चालकों द्वारा अवैध स्टैंड बना लेने से महराजगंज का चौराहा बड़ी गाड़ियों के लिए मुसीबत बन चुका है। हाईवे प्राधिकरण लोगों को सुगम व सरल जाम मुक्त यात्रा के लिए बड़े-बड़े अंडरपास बना रहे है। वही ऑटो चालकों की मनमानी से आए दिन बड़ी गाड़ियों को दिक्क़तों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विसलेन पर अगर कोई बड़े वाहन चालक बाजार के अगल-बगल जाना चाहे तो ये ऑटो चालक एक इंच भी अपनी ऑटो को इधर-उधर नही करते।
ऑटो चालकों के कारण हर दिन लगने वाले जाम से व्यापारियों का व्यापार भी प्रभावित होता है। एक तरफ ऑटो, दूसरी तरफ अंडरपास अवैध तरीके से लगे ठेले-खुमचे वालों के कारण बड़ी समस्या खड़ी हो जाती है। लोगों का कहना है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी तमाशबीन बने रहते हैं। यातायात प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि समय-समय पर अभियान चलाकर ऑटो चालकों को चेताया जाता है, लेकिन उसके बाद फिर वे मनमाने तरीके से इधर-उधर वाहन खड़े करने लगते है। जल्द ही अभियान चलाकर चालकों को हटाया जाएगा। अगर नहीं माने तो चालान की भी कार्रवाई होगी।