क्षेत्र के रामपुर गंगा घाट पर 30 मई शाम सात बजे गंगा दशहरा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसकी तैयारी जोर शोर से चल रही है। मां गंगा के अवतरण दिवस पर लोगों को अपनी संस्कृति और संस्कार से जोड़ने के लिए रामपुर गंगा घाट पर दीपदान का आयोजन होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नगर के सदर मोहाल में रविवार को श्रीमंगलम सेवा समिति की ओर से बैठक की गई। संरक्षक कृष्ण कुमार खटाई ने कहा कि हमारी धरोहर को हमें ही संरक्षित रखना होगा। गंगा दशहरा उत्सव के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति से जुड़ने और अपनी विरासत को समझने का मौका मिलेगा। कहा कि समिति कोरोना काल के बाद एक बार फिर गंगा दशहरा पर उत्सव का आयोजन रामपुर गंगा घाट पर कर रही है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के दौर में हमारी कई सांस्कृतिक उत्सव, लोगों से दूर होती चली जा रही है। उसे सहेजने की जरूरत है। उसी में से एक गंगा दशहरा है। 30 मई को शाम सात बजे दीपदान के साथ मां गंगा की भव्य आरती की जाएगी। समिति के लोगों ने अपील की है कि इस उत्सव में सभी का सहयोग मिले और उपस्थित रहें। बैठक में अवधेश कुमार, रमेश कौशल, अरुण कुमार मिंकू, दीपक मोदनवाल, बबलू आदि उपस्थित रहे।