ज्ञानपुर। दिल्ली में आयोजित 50वीं नेहरू जूनियर हाकी टूर्नामेंट में जिले के रमेश कुमारअपनी टीम के लिए पसीना बहाएंगे। ज्ञानपुर के देवनाथपुर के रहने वाले रमेश् यूपी की इकलौती टीम अनवर हाकी एकेडमी प्रतापगढ़ की ओर से टीम में राईट फुल बैक की भूमिका निभाएंगे। चयन से करीबियों में खुशी का माहौल है। दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में दो से 14 सितंबर तक चलने वाले टूर्नामेंट में देश के अलग-अलग प्रांत की 40 से अधिक टीमें शामिल हुईं है। पहले चरण में खेल क बाद कई टीमें हारकर बाहर हो गईं। छह सितंबर से शुरू होने वाले दूसरे चरण में यूपी से एकमात्र अनवर हाकी एकेडमी प्रतापगढ़ की टीम खेल रही है। इसमें वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज और भदोही के खिलाड़ी शमिल है। रमेश के पिता देवनाथपुर में किराना की दुकान चलाते हैं। चार भाइयों में दूसरे नंबर के रमेश का शुरूआत से हाकी से काफी लगाव रहा। जिला हाकी संघ के सचिव राजकमल ने कहा कि हाकी इडिया ने प्रदेश की कुछ एकेडमी को होनहारों को तराशने के लिए मान्यता दी है। जिसके माध्यम से खेलकर युवा आगे बढ़ रहे हैं। जिला स्टेडियम के हाकी कोच एवं प्रशिक्षण दे रहे मुनौव्वर हुसैन ने बताया कि रमेश शुरू से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ी रहा। टूर्नामेंट में अगर टीम बेहतर प्रदर्शन करेेगी तो उसे विदेश जाने का मौका मिलेगा।