भदोही। मेजर ध्यान चंद जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्टेडियम में खेले जा रहे जिला स्तरीय खेलों में बृहस्पतिवार को राज एकेडमी ने स्टेडियम एकादश को 3-2 से हराकर ट्राॅफी जीत ली। 100 मीटर दौड़ में 100 विवेक राजभर प्रथम रहे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जैनुराम ने विजेताओं को सम्मानित किया।
खेल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में हॉकी का भी मुकाबला हुआ। जिसमें पहले सेमीफाइनल में राज एकेडमी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय अजयपुर को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे में स्टेडियम एकादश ने सनबीम स्कूल भदोही को 3-2 हराकर फाइनल प्रवेश किया। फाइनल मैच राज एकादश और स्टेडियम के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में राज एकेडमी 3-2 से विजयी रही। हॉकी प्रशिक्षक मुनौव्वर हुसैन, सनी पाल, विनय चौरसिया, आशीष, विकास पाल रेफरी रहे।
बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता में लगभग 80 खिलाड़ियों में हिस्सा लिया। बालकों के 100 मीटर दौड़ में विवेक राजभर प्रथम रहे। 200 मीटर बालक दौड़ में राजन यादव प्रथम, जेवलिन थ्रो बालक में विवेक राजभर प्रथम, शाटपुट बालक में तरुण सिंह प्रथम, लांग जंप में सत्यजीत पाल प्रथम रहे। बालिकाओं के 100 मीटर दौड़ में ज्योति मौर्य प्रथम, शाटपुट बालिका में सृष्टि यादव प्रथम तथा जैवलिन थ्रो में श्रद्धा यादव प्रथम रहे। मुख्य अतिथि एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ने विजेताओं को सम्मानित किया। मौके पर सहायक अभियंता पीडब्लूडी अछैवर पाल, राजकुमार, मनोज कुमार, माजिद अली, शिवाकांत यादव, यासमीन बानो, विनय आदि रहे। अंत में जिला उप क्रीड़ाधिकारी अभिज्ञान मालवीय ने सभी का आभार जताया।