ऊंज के कुरमैचा गांव में बारिश से गिरे पेड़ और विद्युत खंभे। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को भी ध्वस्त कर दिया है। कहीं तकनीकी खामियां तो कहीं जर्जर उपकरणों में आई दिक्कत के कारण लगभग सौ से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है। दो दिनों से मोबाइल, इन्वर्टर, टीवी, पंखा, पेयजल, आटा-तेल चक्की शोपीस बनकर रह गए हैं। अभोली, मिश्राइनपुर, सुरियावां उपकेंद्र से संचालित फीडरों में बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई है। अभोली उपकेंद्र के उपभोक्ता भानु कुमार, सलिल कुमार, श्यामकुमार, उर्मिला देवी, कन्हैयालाल आदि ने बताया कि कई खंभे बारिश के कारण गिर गए। इसके चलते दो दिन से आपूर्ति बाधित है। बारिश का क्रम न रुकने से जंगली और विषैले जीव-जंतुओं के घरों में घुसने का खतरा बढ़ गया है। जेई अमित कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर फाल्ट आया वहां पानी का जमाव अधिक है। जेसीबी मशीन मंगाकर समस्या का समाधान कराया जा रहा है। इसी तरह सुरियावां उपकेंद्र में बारिश का पानी उफान मारने से आपूर्ति बंद कर दी गई है। उपभोक्ता मनोज, धर्मेंद्र, सविता, जानकी, वीरेंद्र कुमार आदि ने विभाग पर आरोप लगाया है कि लगभग 40 हजार से अधिक कनेक्शन धारकों से प्रति माह विभाग लाखों रुपये का राजस्व वसूल करता है बावजूद इसके उपकेंद्र के रखरखाव में भेदभाव करना आम बात है। हल्की हवा चले या बारिश की बूंदे गिरे। जर्जर तार, खंभे, ट्रांसफार्मर शार्टसर्किट की भेंट चढ़ने में देर नहीं करते। चौरी, सरोई, नईबाजार क्षेत्र में कार्यरत उपकेंद्रों के फीडर 12 घंटे से ठप पड़े हैं। एक्सईएन प्रथम राम सिंह ने बताया कि अधिक बारिश होने के कारण समस्या आई है। कर्मचारियों से तकनीकी खामियां दूर कराकर आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।