पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुआडीह-प्रयागराज रूट पर चल रहा दोहरीकरण कार्य बारिश के चलते रुक गया है। रेलवे स्टेशन और हाल्ट के पूर्वी और पश्चिमी फाटकों से होकर ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर कीचड़ और जलजमाव से आवागमन बाधित है। दरअसल राजमार्ग से जंगीगंज स्टेशन, जंगीगंज मोड़ से सरायजगदीश हाल्ट, गोपीगंज पड़ाव से ज्ञानपुररोड स्टेशन, अलमऊ हाल्ट-गोपपुर, कलिंजरा-कोइरौना को जोड़ने वाले पहुंच मार्गों की बदहाली से लोगों में नाराजगी है। इस संबंध में क्षेत्रीय नागरिक उमेश, मनोज, वीरेंद्र, शिवनाथ, फूलचंद्र, जटाशंकर आदि ने बताया कि रेल विकास निगम उक्त खंड पर दो चरणों में दोहरीकरण, विद्युतीकरण का कार्य पूरा करा लिया है। जबकि तीसरे चरण में लगभग तीन माह से कार्य में शिथिलता बरतने से यही लग कार्य रहा है कि अब बारिश थमने के बाद ही कुछ हो पाएगा। ज्ञानपुर रोड स्टेशन जंगीगंज तक बीच-बीच में ट्रैक तक बिछा है लेकिन भीटी से हंडिया तक के कार्य में लोचा है। दक्षिणी छोर पर दर्जनों तटवर्ती गांवों के लोगों का सीधा आवागमन उत्तरी छोर स्थित राजमार्ग तक होता है। दोहरीकरण कार्य को अंतिम छोर तक पहुंचाने में लगी संस्था उपकरणों की ढुलाई उन्हीं जर्जर संपर्क मार्गों से कराया है जो न गिट्टी का भार सह सकी न ट्रैक की। ओवरलोड वाहन कई बार अनियंत्रित होकर पलटे लेकिन कार्यदाई संस्था की आंख नहीं खुली। पीआरओ रेल मंडल वाराणसी अशोक कुमार ने बताया कि बारिश में मशीनों के धंसते रहने के कारण कार्य रुका है जैसे ही मौसम साफ होगा कार्य जारी हो जाएगा। ज्ञानपुर-हंडिया ब्लाक सेक्शन के मेंटनेस पर कोई प्रभाव नहीं है।