गोपीगंज। वाराणसी मंडल के प्रयागराज-वाराणसी रेल खंड पर सोमवार की शाम रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर परिमंडल प्रणजीव सक्सेना ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रयागराज जंक्शन के उत्तर मध्य रेलवे व प्रयागराज रामबाग के पूर्वोत्तर रेलवे के 2.224 किमी रेल खंड का दोहरीकरण व विद्युतीकृत लाइन का निरीक्षण किया।
रेल संरक्षा आयुक्त ने सबसे पहले प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां उन्होंने यार्ड रिमाडलिंग, स्टेशन विस्तार, विद्युतीकृत व दोहरीकृत सेक्शन के मानक के अनुरूप स्टेशन की पूर्ण ब्लॉक वर्किंग, कलर लाइट सिग्नलों के स्टैण्डर्ड, स्टेशन पैनल व रूट रिले इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग के साथ यार्ड रिमाडलिंग से जुड़े विभिन्न कार्यों के विषय में जानकारी ली। वे मोटर ट्राली से ब्लॉक सेक्शन का निरीक्षण करने रवाना हुए। बताया कि प्रयागराज रामबाग-वाराणसी रेल खंड का दोहरीकरण व विद्युतीकरण का लाभ भारत के प्रसिद्ध 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक काशी विश्वनाथ मंदिर और आगामी माघ मेला व महाकुंभ स्नान में मिलेगा। इस दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण अभय कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबन्धक वाराणसी विनीत कुमार श्रीवास्तव, विकास चन्द्रा आदि रहे।