गोपीगंज। होली पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि विभाग ने बुधवार को गल्ला मंडी गोपीगंज में चेकिंग अभियान चलाया। अधिकारियों ने राजमा और रंग-बिरंगे चिप्स के नमूने लिए।। इस दौरान कई बार अधिकारियों और दुकानदारों के बीच हल्की झड़प भी हुई। छापे की जानकारी होने पर कुछ दुकानदार दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए। काफी दिनों से बाजार में चल रही मिलावटखोरी को विभाग ने गंभीरता से लेकर खाद्य एवं औषधि अधिकारी मंजुला सिंह मय टीम गल्ला मंडी सहित दर्जन भर से अधिक दुकानों पर छाप मारा। टीम में राजमा, चिप्स के नमूने एकत्रित किए गए। नमूनों को जांच के लिए सील कर दिया। दुकानदारों का आरोप है कि विभाग सैंपल के नाम पर मनमानी कर रहा है, जो उचित नहीं है। यदि सैंपल लिए ही जा रहे हैं तो उन्हें भी कोई सुबूत दिया जाए। मंजुला सिंह ने हिदायत दी कि होली पर्व पर किसी भी हालात में मिलावटी सामान नहीं बिकने दिया जाएगा और जरूरत पड़ी तो दुकान ही नहीं बल्कि गोदामों को भी पुलिस की मदद से सीज करने में कसर नहीं छोड़ी जाएगी। टीम के निशाने पर परचून की दुकानों सहित मिठाई, खाद्य तेल, रिफाइन, घी, मैदा, सूजी, खोवा आदि भी रहे, इनमें से कई दुकानें बंद होने से उनके सेंपल नहीं लिए जा सकेंगे। टीम के कर्मचारियों ने दुकानदारों को मिलावटी सामान नहीं बेचने की चेतावनी भी दी।