ज्ञानपुर। डीघ क्षेत्र के गोपालपुर-दानीपट्टी गांव की कोटे की दुकान को अनियमितता के आरोप में निरस्त कर दिया गया है। डीएसओ सीमा सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान समेत 76 ग्रामीणों ने शपथ पत्र डीएम को देकर वितरण में मनमानी और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रकरण की जांच आपूर्ति निरीक्षक डीके यादव से कराई गई। पूर्व में भी वह दुकान निलंबित की जा चुकी थी। जांच में शिकायत सही मिलने पर आधिकारिक रिपोर्ट डीएम को सौंपी गई। इस पर दुकान को निरस्त करते हुए कोटेदार देवीशंकर दुबे का लाइसेंस समाप्त कर दिया गया। नई दुकान का आवंटन कराने के लिए बीडीओ डीघ को पत्र भेजकर गांव में खुली बैठक कराने को कहा गया है।