कोइरौना थानाक्षेत्र के सोनइचा गांव में बृहस्पतिवार को दोपहर दो बजे कुएं में बिहरोजपुर निवासी पुरोहित हरि प्रसाद मिश्र (62) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। खबर मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए।
परिवार वालों के मुताबिक हरि प्रसाद मिश्र गांव-गांव जाकर भजन-कीर्तन संग पूजा-पाठ आदि कराते थे। 28 अगस्त को वह साइकिल से घर से निकले। शाम तक न आने पर खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं चल सका। परिजनों ने गोपीगंज कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बृहस्पतिवार को दोपहर सोनइचा के एक बेकार पड़े कुएं में पुरोहित का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
कुछ दिन पूर्व कुएं से कुछ दूरी पर उनकी साइकिल भी मिली थी। कुएं के पास कैसे वह पहुंचे, यह स्पष्ट नहीं हो सका। परिवार वालों ने मामले में कोई आरोप नहीं लगाया। कोइरौना थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि परिवार वालों की तरफ से कोई शिकायत नहीं की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगा कि आत्महत्या है या कोई अन्य कारण।