ज्ञानपुर। औराई के नरथुआ पूजा पंडाल में हुए अग्निकांड से सबक लेते हुए जिला प्रशासन की ओर से इस बार पहले ही तैयारियां शुरू कर दी गई है। नवरात्रि और दुर्गापूजा को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस महकमा जुट गया है। इसके लिए 662 पूजा-पंडाल के आयोजकों को गाइडलाइन जारी की गई। दसमें प्रमुख रूप से थर्माकोल एवं चमकीली पन्नी का प्रयोग न करने के साथ ही एसडीएम की अनुमति से पूजा पंडाल बनाने का निर्देश दिया गया है। गाइडलाइन को हर हाल में प्रभावी बनाने के लिए कहा। नियमों का पालन न करने वाले आयोजकों पर सख्ती की चेतावनी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि 15 अक्तूबर से शारदीय नवरात्रि शुरू हो रहा है। सप्तमी, अष्टमी और नवमी को देवी मंदिरों तथा दुर्गापूजा पंडालों में मेले जैसी स्थिति हो जाती है। इसको देखते हुए आयोजकों को गाइडलाइन जारी की गई। इसमें एसडीएम की अनुमति के बिना पंडाल न लगाने, पंडाल ऐसे स्थान पर लगाने, जिससे यातायात प्रभावित न हो, पंडाल में प्रवेश और निकास द्वार चौड़ा बनाने, पंडाल में फाइबर, थर्माकोल एवं चमकीली पन्नी का प्रयोग न करने, पंडाल को बिजली के तार के नीचे न स्थापित करने, साथ ही पानी एवं रेत की व्यवस्था करने, पंडाल में पूजा सामग्री को कपड़े से दूर रखना शामिल है। आयोजक सभी पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरा लगवाएंगे साथ ही वालंटियर को भी रखेंगे, जो आठ-आठ घंटे ड्यूटी देंगे। विसर्जन जुलूस में क्षमता से अधिक डीजे की आवाज नहीं रखी जाएगी, साथ ही अश्लील एवं भड़काऊ गाने नहीं बजाए जाएंगे।
इनसेट
दुर्गा पूजा पंडाल का लिया जायजा
गोपीगंज। नगर के मिर्जापुर रोड स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक दुर्गा पूजा पंडाल का निरीक्षण शुक्रवार को कोतवाली प्रभारी सदानंद सिंह ने किया। उन्होंने कमेटी के प्रबंधक रामकृष्ण खट्टू को पंडाल में गाइडलाइन के हिसाब से व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके अलावा वालंटियर,अग्निशमन यंत्र, बालू, पानी, आपात कालीन द्वार पंडाल में रखने के लिए कहा। संवाद