सुरियावां रेलवे स्टेशन के पीछे नूपल पब्लिक टॉयलेट पर लगा ताला। संवाद
- फोटो : संवाद
सुरियावां। नगर के रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का टोटा है। स्टेशन पर एक साल से बनकर तैयार पब्लिक टॉयलेट में ताला लटका रहता है। पुराना टॉयलेट पानी न होने के कारण संचालित नहीं हो पा रहा। इससे यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ती है। सुरियावां स्टेशन पर हर दिन एक से डेढ़ हजार लोग यात्रा करते हैं। इसके बाद भी स्टेशन पर यात्री शौचालय की सुविधा नहीं है। स्टेशन के प्लेटफाॅर्म एक पर बना टाॅयलेट टंकी की व्यवस्था होने के बाद भी पानी का इंतजाम नहीं है। इससे यह शौचालय नहीं चल पाता। स्टेशन के विस्तारीकरण के बाद यहां एक पब्लिक टॉयलेट बनाया गया। उसकी भी हालत खस्ता है। इस पर बीते एक साल से ताला लटका रहता है। इसे लेकर स्थानीय व्यापार मंडल अध्यक्ष अवधेश उमर वैश्य, तहसील अध्यक्ष शेषधर गुप्ता, अश्वनी साहू, अनिल उमर, रवि जायसवाल, अंकित, मदन आदि ने बताया कि सरकार पब्लिक के लिए लाखों रुपये खर्च कर रही है लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता इस पर भारी पड़ रही है। स्टेशन अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पब्लिक टॉयलेट को एनयूपीपीएल पावर लिमिटेड ने तैयार किया है लेकिन अब तक इसके संचालन के लिए टेंडर नहीं हो सका है, जिसके कारण यह अटका पड़ा है। उच्चाधिकारियों से इससे अवगत कराया जाएगा।