ज्ञानपुर। एक फोन पर जनता की मदद के लिए पहुंचने वाली पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) का रिस्पांस टाइम जोन स्तर पर लगातार सातवें महीने पहले स्थान पर है। हालांकि दूसरे महीने भी रिस्पांस टाइम में गिरावट आई है। जुलाई में 7.30 मिनट, अगस्त में 7.38 मिनट और सितंबर में आठ मिनट में पीआरवी पहुंच रही है। भदोही की पीआरवी पूर्वांचल के जनपदों में बेहतर है। मुसीबत में फंसे लोगों की मदद के लिए पुलिस तेजी से पहुंच रही है। इसके पहले पुलिस आईजीआरएस पोर्टल पर मिल रही शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में अव्वल रह चुकी है। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, किस जिले की पुलिस कितनी तेज हैं, इसका अंदाजा उसके रिस्पांस टाइम से ही लगाया जाता है। इसका आधार है पीआरवी। आपात कालीन नंबर डायल 112 से जुड़ी पीआरवी को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर जाने के लिए कहा जाता है। जुलाई की जारी रैंकिंग में भदोही का रिस्पांस टाइम 7.30 मिनट रहा जबकि अगस्त में यह 7.35 मिनट हो गया। अब सितंबर महीने की जारी रैकिंग में करीब 25 सेकेंड की गिरावट आई है। इसके बाद भी पूर्वांचल के अन्य जनपद भदोही के आसपास भी नहीं है। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि रिस्पांस टाइम अभी और सुधारने की कोशिश की जा रही है। पुलिसकर्मियों की मेहनत से भदोही प्रदेश के टॉप-10 जनपदों में शामिल है। जनवरी से लगातार पीआरवी का बेहतर रिस्पांस टाइम बना हुआ है। बताया कि किसी-किसी घटना में पीआरवी को पहुंचने में समय लग जाता है। इससे समय में गिरावट आ जाती है। कई बिंदुओं पर रैंकिंग तय की जाती है।