ज्ञानपुर। जिले में यू डायस (यूनिफाइड डिस्ट्रक्ट इनफारमेशन सिस्टम फार एजुकेशन) पोर्टल पर बेसिक, माध्यमिक शिक्षा समेत अन्य बोर्ड के संचालित विद्यालयों में अध्ययनरत करीब 90 हजार छात्र-छात्राओं का विवरण (प्रोफाइल) दर्ज नहीं हो सका है। 31 जनवरी तक इसको पूर्ण करना था, लेकिन विलंब करने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने 141 विद्यालयों को नोटिस भेजकर मान्यता प्रत्याहरण की चेतावनी दी गई। हालांकि सरकारी, मान्यता प्राप्त 1907 विद्यालयों के 12920 शिक्षकों का विवरण पोर्टल पर दर्ज हो चुका है। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित समस्त विद्यालयों को यू-डायस पोर्टल पर विद्यालय को भौतिक संसाधनों के साथ ही शिक्षक और बच्चों की संख्या, नाम, योग्यता से लेकर संपूर्ण विवरण अपलोड किया जाना है। इसे लेकर विभाग की ओर से बार-बार दिशा निर्देश भी जारी किया जा रहा है। इसके बाद भी स्थिति यह है कि जिले में बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा, मदरसा शिक्षा बोर्ड व अन्य बोर्ड के अंतर्गत संचालित 1907 विद्यालयों में अध्ययनरत 405469 छात्र-छात्राओं में से तीन लाख 15 हजार 457 छात्र-छात्राओं का विवरण ही यू-डायस पोर्टल पर दर्ज हो सका है। करीब 90012 छात्र-छात्राओं का विवरण पोर्टल से गायब है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से इन बच्चों का विवरण पोर्टल पर दर्ज करने में लापरवाही की गई। जबकि यू-डायस पोर्टल पर विवरण न दर्ज होने से ऐसे छात्र-छात्राओं को शासन की ओर से मिलने वाली योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। वहीं दूसरी ओर छात्र-छात्राओं का विवरण दर्ज करने में लापरवाही के बाद भी स्कूल व शिक्षकों की प्रोफाइल को पोर्टल पर शत-प्रतिशत पूर्ण किया गया है। जिले में परिषदीय से लेकर राजकीय, सहायता व मान्यता प्राप्त विद्यालय व मदरसों को मिलाकर संचालित हो रहे 1907 में से सभी स्कूल एवं इन स्कूलों में तैनात 12 हजार 920 में से सभी शिक्षक का विवरण पोर्टल पर दर्ज कर लिया गया है। छात्र-छात्राओं का विवरण अपलोड न करने पर विभाग अब सख्ती की तैयारी में जुट गया है।
31 जनवरी तक यू डायस प्लस पोर्टल पर सभी विद्यार्थियों का विवरण दर्ज करने का निर्देश दिया गया था। विवरण दर्ज करने में लापरवाह 141 विद्यालयों को चिह्नित किया गया है। इसमें मान्यता प्राप्त विद्यालय अधिक हैं। जिनके मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। भूपेंद्र नारायण सिंह, बीएसए