ज्ञानपुर। किशोर न्यायालय ज्ञानपुर से फरार बंदी ने सोमवार को एक बार फिर पुलिस को चकमा दे दिया। आरोपी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। 16 सितंबर को पेशी को आए भदोही के वार्ड 13 आलम बस्ती निवासी अतीक अहमद पेशी के दौरान कोर्ट परिसर से भाग गया था। एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि उसे रिमांड पर लिया जाएगा और पूछताछ की जाएगी। बीते 16 सितंबर को जिला कारागार से दो उप निरीक्षक विष्णुकांत और अवध नारायण आरोपी को लेकर किशोर न्यायालय आए थे। उसकी पुकार होने पर उसने दोनों उप निरीक्षकों को चकमा दिया और भाग निकला। वह भागते हुए ज्ञानपुर डाकघर के समीप पहुंचा और वहां पहले से खड़े आलम बस्ती का उसका साथी मुहम्मद अली बाइक पर बैठाकर भाग गया। पुलिस ने उसे भगाने वाले मुहम्मद अली को वाराणसी के चांदपुर चौराहे से 16 सितंबर की रात को ही गिरफ्तार कर लिया था। उसकी तलाश की जा रही थी। सोमवार को वह पुलिसकर्मियों से छिपते-छिपाते मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश हो गया। उसके खिलाफ लूट, छिनैती समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं।