केएनपीजी में पीसीस प्री परीक्षा को लेकर डेस्क स्लिप लगाते कर्मचारी। स्रोत: कॉलेज
ज्ञानपुर। जिले में प्रवर अधीनस्थ सेवा और सहायक वन संरक्षक, क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा परीक्षा की तैयारियां शनिवार शाम तक पूरी कर ली गईं हैं। परीक्षा केंद्रों पर सिटिंग प्लान को अंतिम रूप दिया गया। जीआईसी, केएनपीजी कॉलेज समेत अन्य केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों को कर्तव्य बोध कराया गया। आठ केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में कुल 3552 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बायोमेट्रिक जांच के साथ एआई तकनीकी का भी इस्तेमाल किया जाएगा। केंद्र के बाहर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा। जिले में 12 अक्तूबर को होने वाली परीक्षा के लिए आठ केंद्र बनाए हैं। इनके लिए दो केंद्र व्यवस्थापक हैं। इसमें एक सहायक केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं। इसके अलावा केंद्र की निगरानी और परीक्षा निष्पक्ष हो सके। इसके लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट नामित हो गए हैं। उन्हें परीक्षा के संबंध में जानकारी दी गई है। शनिवार शाम तक केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, पेयजल, शौचालय के साथ अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा का समय पहली पाली में 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक और दूसरी पाली में 2ः30 बजे से 4ः30 बजे तक होगा। आयोग की ओर से प्रतिबंधित सामग्री कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर लेकर न जाए, इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा चालू रहेगा और उसी से कंट्राेल रूम के जरिये मॉनीटरिंग की जाएगी। अगर कहीं गड़बड़ी होती है तो तत्काल पकड़ लिया जाएगा। प्रश्नपत्र कोषागार के डबल लाॅक से निर्धारित समय से सभी परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।