ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन की तैयारी भी शुरू हो गई है। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और नेशनल इंटर कॉलेज भदोही को मूल्यांकन केंद्र बनाया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया है। तिथि का निर्धारण होने पर परीक्षकों और नियंत्रक की तैनाती होगी।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 16 फरवरी से परीक्षा हो रही है। पचास फीसदी विषयों की परीक्षा हो चुकी है। परीक्षा खत्म होते ही कॉपियों का मूल्यांकन शुरू हो जाएगा। पहले जीआईसी को मूल्यांकन केंद्र बनाया जाता था, लेकिन दो - तीन साल से जीआईसी के साथ नेशनल इंटर कॉलेज को भी मूल्यांकन केंद्र बनाया जा रहा है। इस बार भी हाईस्कूल के लिए नेशनल इंटर कॉलेज और इंटर के लिए जीआईसी को मूल्यांकन केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए विभागीय प्रक्त्रिस्या शुरू हो गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती ने बताया कि मूल्यांकन की तिथि अभी निर्धारित नहीं हुई है। जीआईसी और नेशनल इंटर कॉलेज का प्रस्ताव भेजा गया है। तिथि निर्धारण के बाद अन्य तैयारी शुरू होगी। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगी थी, उसी तरह से मूल्यांकन में भी परीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगाई जाएगी।
ज्ञानपुर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को भी दोनों पालियों में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा हुई। पहली पाली में स्नातक अंग्रेजी की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में पंजीकृत 262 परीक्षार्थियों में पांच अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में स्नातक तृतीय सेमेस्टर अंग्रेजी में पंजीकृत 222 में चार परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. पीएन डोंगरे ने बताया कि दोनों पालियों में शांतिपूर्वक परीक्षा हुई। यूपी बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को पहली पाली में इंटर व्यावसायिक विषयों की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 301 में 281 उपस्थित और 20 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट नागरिक शास्त्र की परीक्षा हुई।