ज्ञानपुर। बिजली चोरी रोकने के लिए अब भदोही जिले में भी प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। बिजली निगम जुलाई से सर्वे शुरू करने जा रहा है। भदोही नगर में सर्वे पूरा होने पर मीटर लगाने की शुरुआत होगी। इसके बाद 7 नगर निकायों में 70 हजार उपभोक्ताओं के यहां यह मीटर लगाए जाएंगे।
जिले के भदोही और ज्ञानपुर विद्युत डिविजन से 546 ग्राम पंचायतों और 7 नगर निकायों में बिजली आपूर्ति होती है। करीब दो लाख 26 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं। इसमें शहरी उपभोक्ताओं की संख्या 70 हजार है। अभी तक डिजिटल मीटर से बिजली की खपत का आकलन कर निगम की ओर से बिल आदि जारी किए जाते हैं। वर्तमान तकनीकी खामियों से कई उपभोक्ताओं का अधिक तो कई का बहुत कम बिजली बिल आता है। विसंगतियों के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शासन के निर्देश पर अब प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। इससे उपभोक्ता मोबाइल रिचार्ज की तरह ही बिजली का उपभोग कर सकेंगे। बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली उपलब्ध कराने के लिए बिजली लाइनों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। साथ ही उपभोक्ताओं की नियमित बिलिंग के अलावा बिजली चोरी पर भी रोक लगे। इसके प्रयास हो रहे हैं। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता की लोकेशन आदि की भी जानकारी रहेगी। जिले में प्रथम चरण में सभी शहरी उपभोक्ताओं के घरों पर मीटर लगाए जाने हैं। भदोही नगर में एक जुलाई से सर्वे का काम शुरू होगा। संस्था की ओर से सर्वे कराके उपभोक्ताओं का डाटा तैयार किया जाएगा। डाटा तैयार होने के बाद एकाउंट आईडी के आधार पर स्मार्ट मीटर जारी किए जाएंगें। इससे यह पता चल सकेगा, किस उपभोक्ता के यहां पर कौन मीटर लगा है। मीटर लगाने के बाद हेराफेरी नहीं हो सकेगी।
कोट
स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के लिए 1 जुलाई से सर्वे शुरू होगा। पहले चरण में भदोही नगर में इसे लगाया जाएगा। उसके बाद दो नगर पालिका और पांच नगर पंचायतों में लगाए जाएंगे।
एसके सनोरिया, अधीक्षण अभियंता