ज्ञानपुर/गोपीगंज। मुकद्दस रमजान माह के आखिरी जुमे पर अलविदा की नमाज शुक्रवार को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में एहतराम के साथ अदा की गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस एवं प्रशासनिक अफसर अलर्ट रहे। ज्ञानपुर, गोपीगंज, घोसिया समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सीओ और भारी पुलिस बल की तैनाती रही।
अलविदा की नमाज को लेकर शुक्रवार सुबह से ही पुलिस एवं प्रशासनिक अफसर अलर्ट रहे। दोपहर 12 बजे से पहले ही मस्जिदों पर पुलिस टीमें तैनात हो गईं। ज्ञानपुर में मस्जिद में बड़ी संख्या में मुस्लिम बंधुओं ने अमन की दुआ की। गोपीगंज की जामा मस्जिद, मदीना मस्जिद, शाही मस्जिद, मुजाहिद मस्जिद, फैजाने मदीना सहित अन्य मस्जिदों में अकीदत व एहतराम के साथ नमाज अदा की गई। जामा मस्जिद गोपीगंज में पेश इमाम हाफ़िज अनिशुल कादरी, मदीना मस्जिद में हाफिज गुलाम मुर्तुजा, शाही मसजिद सराय महाल में हाफिज मोहम्मद अवैश, मुजाहिद मस्जिद नई बस्ती में पेश इमाम ने नमाज अदा कराई। ग्रामीण क्षेत्र के जामा मस्जिद चकसहाब में हाफिज फजल व मौलाना हफीज, बरजी खुर्द में मौलाना दिलावर, खानापुर गांधी मे मौलाना फतेह मोहम्मद के इमामत मे अलविदा की नमाज अदा की गई। अपर जिला अधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक डा.. तेजबीर सिंह ,उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर भान सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात राय, नायब तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। घोसियां संवाददाता के अनुसार, नगर स्थित जामा मस्जिद, रहमदिया मस्जिद, बरतर मस्जिद, चिकान मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में अलविदा की नमाज एहतराम पूर्वक अदा की गई। घोसियां, महराजगंज, जंगीगंज, दुर्गागंज, सुरियावां, चौरी, मोढ़, पाली, अभोली समेत अन्य क्षेत्रों में मस्जिदों में नमाज अदा की गई।
गोपीगंज। ईद का पर्व मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। नगर के गिराई और फूलबाग स्थित ईदगाह के साथ ग्रामीण क्षेत्र की मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। इसका समय तय हो गया है। गिराई स्थित ईदगाह में सुबह 8.30 और फूलबाग में नौ बजे नमाज अदा की जाएगी। जामा मस्जिद गोपीगंज के पेश इमाम मौलाना अनिशुल कादरी ने यह जानकारी दी। बताया कि चुड़िहारी मोहाल में बृहस्पतिवार को बैठक में यह निर्णय लिया गया। गिराई जीटी रोड वाले ईदगाह में ईदुल फित्र की नमाज़ 8:30 बजे सुबह होगी। पूरे गुलाब वाले ईदगाह में ईद की नमाज़ नौ बजे होगी। इस मौके पर मोहम्मद अहमद अत्तारी, हाजी हसनैन चौधरी, गुड्डू चौधरी, हाफिज अनीसुल क़ादरी, गुलाम मुर्तुजा, ऐनुलहक़ अन्नू, सरवर खान आदि रहे।