सुरियावां। स्थानीय नगर सहित आसपास के गांवों में एक सप्ताह से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। दिन में दो से तीन घंटा आपूर्ति के अलावा रात में लगातार हो रही ब्रेकडाउन ने लोगों की समस्या बढ़ा दी है। एक तरफ व्यापारी वर्ग का व्यापार प्रभावित हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ आम जनता भी अघोषित बिजली कटौती से आजीज आ गई है। सुरियावां विद्युत उपकेंद्र से कुल चार फीडर जुड़े हुए हैं। जिसमें सुरियावां नगर, सरायकंसराय, हरिहरपुर और दुर्गागंज आंशिक फीडर शामिल है। इन सभी फीडरों से लगभग 100 गांव और सुरियावां नगर पंचायत जुड़ा हुआ है। जहां पिछले एक सप्ताह से ब्रेकडाउन की समस्या बनी हुई है। लगातार हो रहे ब्रेकडाउन के कारण लगातार बिजली उपभोक्ता के अलावा आमजन का जीना मुहाल है। सबसे बड़ी मुसीबत कमर्शियल कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के सामने हैं। लगातार चरमराई बिजली व्यवस्था के कारण व्यापार जबरदस्त प्रभावित है।
सुरियावां नगर के व्यापारी सुरेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, अखिलेश मौर्य, मुकेश मौर्य ने बताया कि नगर में दिन में 33000 केवीए जर्जर तारों और उपकरणों के कारण पिछले दो सप्ताह से दो से तीन घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। उसमें भी लगातार ट्रिपिंग की समस्या बनी है। वहीं हदीस, रईस, वसीम, अकरम, नसीम का कहना था कि रमजान का पाक महीना चल रहा है। भोर में दो बजे सहरी करनी होती है। उसी समय बिजली कट जाती है। ऐसे में घर की महिलाओं के साथ पूरे परिवार को काफी परेशान होना होता है। नगर के ही अंकित, रवि, विशाल ने बताया कि सुरियावां उपकेन्द्र से जुड़े समस्त फीडरों में जर्जर तार और खंभों की अधिकता है।
जिससे बिजली के ट्रिपिंग की समस्या और भी जटिल हो गई है। कहीं भी फाल्ट हुआ तो बिजली कर्मी पूरा दिन उसे ढूंढने में ही लगा देते हैँ। लोगों ने मांग किया कि बिजली की इस गंभीर समस्या से तत्काल छुटकारा दिलाया जाए। आने वाले दिनों में गर्मी के कारण यह समस्या और जटिल हो सकती है।