ज्ञानपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर सूफीनगर-गोधना बाजार से जंगीगंज अंडरपास ब्रिज तक अंधेरा दूर होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की की शाम ट्रांसफार्मर के जल जाने से पूरी रात लोग अंधेरे में रहे। रविवार की सुबह एनएचएआई और विद्युत विभाग के खिलाफ दुकानदारों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इस संबंध में राजेश कुमार सरोज के साथ एकजुट होकर प्रदर्शन करने वालों ने आरोप लगाया है कि 756 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद राजमार्ग पर अंधेरा दूर न होना किसी अनहोनी को संकेत देने लगा है। ओवरब्रिज, अंडरपास ब्रिज, नाला, डिवाइडर, बस स्टैंड कार्य पूरा कराने पर एनएचएआई ने विभिन्न कार्यदाई संस्थाओं के साथ करोड़ों रुपये विद्युत विभाग को देकर हजारों की संख्या में हंडिया से राजातालाब तक स्ट्रीट लाइट लगवाया है। लाइन लगवाने का मुख्य कारण यह है कि राजमार्ग पर होने वाली आपराधिक घटनाओं को रोककर वाहनों चालकों समेत उत्तरी-दक्षिणी लेन के किनारे रहने वाले लोगों को प्रकाश की व्यवस्था मिले। लाइटों को जलाने के लिए जगह-जगह नये ट्रांसफार्मर, तार-खंभे, जंफर आदि भी लगवाए गए लेकिन उसका लाभ मिलने में प्रतिदिन किसी न किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न होता रहता है। राजमार्ग के किनारे लगे उपकरण कब और कहां खराब हो जाएंगे कुछ नहीं कहा जा सकता। इस तरह की परेशानी बढ़ाने में मात्र मानक की अनदेखी सामने आया है। सूफीनगर-गोधना बाजार का ट्रांसफार्मर दो दिन में बदला नहीं जा सका तो दुकानदार एनएचएआई अधिकारियों का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में नंदलाल, तउलन, वीरेंद्र यादव, नान्हक यादव, सोनू सरोज, छोटेलाल विश्वकर्मा, मुकुंद लाल, पन्न ालाल, लल्लू यादव आदि रहे। इस संबंध में एनएचएआई के परियोजना निदेेशक एके राय ने कहा कि गर्मी के कारण समस्या हो रही है। इसकी जांच कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।