ज्ञानपुर उप डाकघर में डिजिटल काउंटर। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। डाकिया आया, डाक लाया...। यह वाक्य हम अपने बड़ों से अक्सर सुनते रहते थे। लेकिन अब समय बदल गया है। डाकिया सिर्फ डाक नहीं, बल्कि आय, जाति, निवास के अलावा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र भी ला रहा है। अब मोबाइल रिचार्ज से लेकर बीमा पालिसी भी करा रहा है। वहीं हवाई जहाज और ट्रेन का टिकट भी बना रहा है। लगभग तीन वर्ष से एक छत के नीचे केंद्र और राज्य सरकार की आमजन से जुड़ीं 73 योजनाएं डाक विभाग संचालित कर रहा है। संचार क्रांति के दौर में डाक विभाग ने अपनी सेवाओं में लगातार विस्तार किया है। अब आपको आधार, पैन और वोटर कार्ड बनाने के लिए घंटों लाइन में नहीं लगना होगा। जाति, आय, निवास जैसे प्रमाणपत्रों के लिए तहसीलों के चक्कर भी नहीं काटने होंगे और न ही हवाई जहाज और ट्रेन की टिकट बुकिंग के लिए इधर-उधर भटकना होगा। समय के साथ-साथ अब डाक विभाग में आधार से लेकर पासपोर्ट अपडेट की सुविधा मिल रही है। आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखकर डाक विभाग ने अपनी सेवाओं को न सिर्फ अपडेट किया है, बल्कि आम लोगों के लिए सुविधाजनक भी बनाया है। वित्तीय समावेशन, डिजिटल इंडिया से जुड़ने वाली योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रतिदिन बढ़ रही लाभार्थियों की संख्या ने विभाग की मेहनत और प्राथमिकता को प्रदर्शित करने में कमी नहीं छोड़ी है। पश्चिमी डाक मंडल वाराणसी अंतर्गत भदोही जिले में उप डाकघर 14, शाखा डाकघरों की संख्या 89 है। 165 कर्मचारी कार्यरत हैं। डाक अधीक्षक पश्चिमी मंडल पीसी तिवारी ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं जनहित में लोकप्रिय हो रही हैं। समय-समय पर विभाग डाक मेला लगाकर किसान बीमा, सुमगंला योजना, बचत खाता से जोड़ने के लिए लाभार्थियों को जागरूक करता है। जिले में अब तक 2.60 लाख बचत खाता, 21 हजार आईपीपीबी खाता, 16 हजार सुकन्या समृद्धि खाता खोले जा चुके हैं। 27 गांवों को संपूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम, नौ ग्राम संपूर्ण बीमा, तीन ग्राम 5 स्टार बन चुके हैं। विभाग ने विशेष योजना के तहत हर घर तक डाककर्मी जमा-निकासी कराकर बड़ी उपलब्धि प्राप्त की है। पैन कार्ड, मतदान पहचान पत्र आवेदन, आधार कार्ड संशोधन, पीएम आवास योजना आवेदन, आयुष्मान भारत योजना, हेल्थ कार्ड, जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र, जीवन बीमा पॉलिसी, आईआरसीटीसी टिकट बुकिंग, लेबर रजिस्ट्रेशन, लेबर सर्टिफिकेट, जॉब स्किल रजिस्ट्रेशन, हवाई टिकट, बस टिकट, ऑनलाइन एडमिशन, टेली सॉफ्टवेयर रजिस्ट्रेशन, आईटीआई रजिस्ट्रेशन, जीएसटी रिटर्न, टीडीएस रिटर्न सहित अन्य सुविधा मिल रही।