मत्स्य तालाबों पर किए गए अतिक्रमण को लेकर जिलाधिकारी सख्त हैं। उन्होंने तहसील प्रशासन को सख्त निर्देशित किया है कि तालाब से अतिक्रमण हटाया जाए। बुधवार को वह कलेक्ट्रेट सभागार में औराई तहसील के लिए मत्स्य आवंटन की बैठक कर रहे थे। बैठक में तालाब आवंटन को आए 77 आवेदनों में जांच के बाद 18 आवेदकों को मत्स्य तालाब का पट्टा स्वीकृत किया गया।
डीएम ने एसडीएम बरखा सिंह को आवंटन की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। कहा कि प्राप्त आवेदकों की फाइलों का राजस्व टीम के साथ स्थलीय मुआयना किया जाए। वंचितों को तालाब का पट्टा कराया जाए। मत्स्य समुदाय के योजनाओं के बारे में उन्हें बताया जाए। बैठक में पता चला कि बैराखास के वशिष्ट कुमार द्वारा 6 बीघे के तालाब पर 3 बीघे पर अतिक्रमण है। जिसे खाली कराने के निर्देश दिए।
वहीं पीपरगांव तालाब पर चारों तरफ से मेड़बंदी कराने के निर्देश दिए। उमरहां आदि तालाबों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। 64 बीघे तालाब की नापी कराने के आदेश दिए। मुख्य मत्स्य निरीक्षक प्रमोद आदर्श ने बताया कि पिछले वर्ष के मत्स्य सब्सिडी हेतु 40 आवेदकों में से 11 का पैसा आ गया है। बैठक में सुनील कुमार, अमित सिंह, डॉ. पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।